भारत ने दो टन दवाओं की खेप भेजा अफगानिस्तान: ट्वीट कर तालिबान ने किया स्वागत
शुक्रवार को युद्ध से प्रभावित रहे अफगानिस्तान को भारत ने मानवीय सहायता के तहत दो टन जीवन रक्षक दवाओं की खेप भेजी।
विदेशी मंत्रालय ने बताया कि जीवन रक्षक दवाओं की यह खेप मानवीय सहायता के तहत काबुल स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल के प्राधिकारियों को सौंपी गई।
मंत्रालय ने कहा, "अफगानिस्तान के लोगों को जारी मानवीय सहायता के तहत भारत ने आज अफगानिस्तान में तीसरी खेप के तहत दो टन जीवन रक्षक दवाएं भेजीं।''
इस दरियादिली से भारत ने तालिबान को खुश कर दिया। एक ट्वीट में तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने इसका स्वागत किया।
मुजाहिद ने ट्वीट किया, 'इस्लामिक अमीरात मानवीय सहायता और सहयोग के लिए भारत का आभारी है।'
विदेश मंत्रालय ने कहा, 'भारत, अफगानिस्तान के लोगों के साथ विशेष संबंध जारी रखने और उन्हें मानवीय सहायता प्रदान करने को प्रतिबद्ध है। इस प्रयास में, हमने हाल ही में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के माध्यम से अफगानिस्तान को कोविड-19 रोधी टीके की 5,00,000 खुराक और 1.6 टन चिकित्सा सहायता की आपूर्ति की थी।'
मंत्रालय ने कहा, ''आने वाले हफ्तों में, हम अफगानिस्तान को मानवीय सहायता की और अधिक खेपों की आपूर्ति करेंगे, जिसमें दवाएं और खाद्यान्न शामिल होंगे।''
हेमलता बिष्ट
Sandhya Halchal News