उपराष्ट्रपति चुनाव में मार्गरेट अल्वा के पक्ष में मतदान करेगा झारखंड मुक्ति मोर्चा: अध्यक्ष शिबू सोरेन
उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के अध्यक्ष शिबू सोरेन (Shibu Soren) ने बुधवार को यहां घोषणा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी उपराष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव में विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा (Margaret Alva) के पक्ष में मतदान करेगा.
शिबू सोरेन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि, सम्यक विचारोपरान्त झारखंड मुक्ति मोर्चा ने उपराष्ट्रपति चुनाव में प्रतिपक्ष की ओर से उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा के पक्ष में मतदान करने का निर्णय लिया है.
राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को हुए चुनाव में जेएमएम (JMM) ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान किया था.
झारखंड मुक्ति मोर्चा के वर्तमान समय में लोकसभा में 1 और राज्यसभा में 2 सांसद हैं.
आपको बता दें उपराष्ट्रपति का चुनाव 6 अगस्त को होना है. मौजूदा उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को खत्म हो रहा है.
विपक्ष के उम्मीदवार के तौर पर उपराष्ट्रपति चुनाव में मार्गरेट अल्वा को उतारने का फैसला 17 राजनीतिक दलों की एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार के घर पर हुई बैठक में लिया गया था.
एनडीए ने उपराष्ट्रपति पद के लिए पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ को प्रत्याशी के रूप में घोषित किया है.
धनखड़ पेशे से वकील हैं और राजनीति में वर्ष 1989 में प्रवेश किया. धनकड़ को जुलाई 2019 में पश्चिम बंगाल का गवर्नर नियुक्त किया गया था.
अब उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाए जाने के बाद धनखड़ ने बंगाल के गवर्नर पद से इस्तीफा दे दिया है.
मोहम्मद आमिर
Sandhya Halchal News