अनुराग ठाकुर ने साधा अखिलेश यादव पर निशाना: सपा को बताया माफियाराज और गुंडाराज पार्टी

अनुराग ठाकुर ने साधा अखिलेश यादव पर निशाना: सपा को बताया माफियाराज और गुंडाराज पार्टी

आज शुक्रवार को केंद्रीय व सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने समाजवादी पार्टी सरकार पर माफियाराज और गुंडाराज का आरोप लगाया, और कहा की समाजवादी पार्टी भू-माफियाओ को पनाह देती है।

वहीं उत्तर प्रदेश में आसीन भारतीय जनता पार्टी के कामकाज की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री योगी की तारीफों के पुल बाँध दिए। अनुराग ठाकुर आज शुक्रवार को एक कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।

अनुराग ठाकुर ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि, ‘‘सपा प्रमुख अखिलेश यादव की सरकार के गुज़रे पांच वर्ष का कार्यकाल आप देखिए, एक तरफ गुंडाराज और माफियाराज था तो वहीं दूसरी ओर आये-दिन दंगे होते रहते थे।

लेकिन भाजपा सरकार के पांच वर्षो में योगी आदित्यनाथ की सरकार के कार्यकाल में दंगो का दूर-दूर तक नामोनिशान नहीं है।’’ उन्होंने कहा,‘‘ जो आतंक का वातावरण पैदा करते थे आज वह नजर नहीं आते।

जो कल तक दंगे के नाम पर तोड़ फोड़ करते थे आज उनकी ही संपत्ति पर बुलडोजर चलता है, और जो आतंक फैलाते थे, वो आज खुद गायब हैं।

वहीं आगे अनुराग ठाकुर ने मुख्तार अंसारी पर निशाना साधते हुए कहा कि अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी जैसे लोग जिनकी तूती सपा सरकार में बोलती थी, आज योगी सरकार ने उनसे मुक्ति दिलाई है।

वहीं आगे अनुराग ठाकुर ने भाजपा सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि गुंडाराज, भ्रष्टाचार तो खत्म किया ही है, साथ में भू-माफिया से मुक्ति दिलाने का काम भी किया है।’’

जहाँ पांच साल पहले यहां की बेटियाँ सड़कों पर निकलने से डरती  थी, और व्यापारी भी शाम होने से पहले दुकानों में ताला लगाकर घर चले जाते थे। वहीं आज माहौल बदला है।

मोहम्मद शारिक सिद्दीकी